सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय स्टेट बैंक की शाहपुरा शाखा ने SBI के 70वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज आकृति रिट्रीट कॉलोनी में एक प्रेरणास्पद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर बैंक ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और स्वच्छता को एक साथ जोड़ते हुए एक अनुकरणीय मिसाल पेश की।

कार्यक्रम के तहत कॉलोनी परिसर में 50 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। वहीं बैंक की ओर से 70 तुलसी के पौधे भी उपस्थित आगंतुकों और कॉलोनीवासियों को भेंट किए गए। साथ ही कॉलोनी पार्कों को स्वच्छ बनाए रखने हेतु गीले-सूखे कचरे के लिए विशेष डस्टबिन भी भेंट किए गए।

इस आयोजन में बच्चों ने भी बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाई। लगभग 40 बच्चों ने “जीवन में वृक्षों की भूमिका” विषय पर अपनी कला से प्रकृति के प्रति अपने विचार रखे। साथ ही एक साइबर सुरक्षा पर आधारित क्विज़ में रहवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कॉलोनी के उपाध्यक्ष देवेन्द्र प्रकाश तिवारी द्वारा वेस्ट मटेरियल से बनाई गई अनोखी कलाकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं, जिनके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कचरा भी सृजन का माध्यम बन सकता है।

इस विशेष अवसर पर वार्ड क्रमांक 52 की पार्षद श्रीमती शीला रामबाबू पाटीदार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में कॉलोनी अध्यक्ष महेश शर्मा, उपाध्यक्ष श्री सर्वेश सचान सहित अनेक स्थानीय नागरिक एवं बैंक के वरिष्ठ अधिकारी — क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती श्रेष्ठा मिश्रा, श्री संदीप चांडक, श्री राजेश गुप्ता एवं शाहपुरा शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री रामगोपाल धाकड़ अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने बैंक की 70 वर्ष की सेवा यात्रा को याद करते हुए कहा, “SBI न केवल बैंकिंग में अग्रणी है, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व में भी अग्रसर है।” वहीं शाखा प्रबंधक श्री धाकड़ ने कहा, “स्थापना दिवस हमारे लिए सेवा, विश्वास और समाज के प्रति उत्तरदायित्व को दोहराने का अवसर है। वृक्षारोपण हमारी धरती के प्रति आभार का प्रतीक है।”

कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक चेतना को भी एक नई दिशा दी।

#भारतीयस्टेटबैंक, #वृक्षारोपण, #स्थापनादिवस, #प्रकृतिसेप्रेम, #पर्यावरणसंरक्षण, #SBIकार्यक्रम, #हरितभविष्य