सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी छात्राओं का उत्साहपूर्वक स्वागत प्रेरणादायी इंडक्शन कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्प स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें बड़े सपने देखने, प्रतिस्पर्धात्मक भावना अपनाने और उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए सपनों, दृढ़ संकल्प और कठोर परिश्रम का समन्वय आवश्यक है तथा महाविद्यालय जीवन एक उज्ज्वल एवं सार्थक भविष्य की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लाइफ कोच, मास्टर फैसिलिटेटर, मेंटर एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. राजीव अग्रवाल’ का प्रेरणादायी भाषण रहा। उन्होंने अपने सहज, संवादात्मक और जीवन के वास्तविक अनुभवों से भरपूर संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने महाविद्यालयीन जीवन को स्वर्णिमकाल बताते हुए कहा कि इसी अवधि में अर्जित अनुभव, संस्कार और ज्ञान व्यक्ति के संपूर्ण भविष्य को दिशा देते हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। भावनात्मक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और समग्र व्यक्तित्व विकास पर उनके विचारों ने छात्राओं को विशेष रूप से प्रभावित किया और उन्हें चुनौतियों का सामना आशावाद एवं आत्मबल के साथ करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र में प्रो. मिमी अब्राहम ने रोचक मैनेजमेंट गेम्स का आयोजन किया । इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद एवं समस्या-समाधान कौशल का विकास करते हुए उन्हें एक-दूसरे से जुड़ने और जीवनोपयोगी कौशल सीखने का अवसर मिला।
प्रेरणादायी एवं उत्साहवर्धक वातावरण में संपन्न यह इंडक्शन कार्यक्रम नवप्रवेशी छात्राओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा और अपने शैक्षणिक जीवन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का उत्साह भर गया।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #2026 #नवप #वलन