नई दिल्ली । पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज रियान पराग के प्रदर्शन पर पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसने अवसर मिलने के बाद भी कोई सुधार नहीं किया। रियान के लिए आईपीएल का यह सत्र अच्छा नहीं रहा। पराग ने साल 2019 में अपना आईपीएल पदार्पण किया था और उसके बाद से ही वह एक भी सत्र में 200 रनों का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाये। इस सत्र में भी पराग ने 17 मैचों में 16.64 के साधारण औसत से 183 रन बनाए हैं। इसके बाद भी राजस्थान रॉयल्स ने पराग पर पूरा भरोसा दिखाया और सभी 17 मैचों में अवसर दिये।

मदन लाल ने कहा कि इस युवा बल्लेबाज को सभी मैचों में उतारा गया पर इसके बाद भी उसने कोई लाभ नहीं उठाया। उन्होंने कहा, ‘पराग ने सारे मैच खेले हैं और एक भी बार प्रदर्शन नहीं किया। वो अभी इतना बड़ा खिलाड़ी नहीं है जो गेम बदल सके। अभी तक हर आईपीएल में जिन भी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है उन्होंने सुधार दिखाया है पर पराग उनमें नहीं थे।

’ मदन लाल ने कहा कि जिस स्थान पर पराग राजस्थान के लिए बल्लेबाज करते हैं वह टी-20 क्रिकेट में बहुत अहम है क्योंकि वहां आपको तेजी से रन बनाने होते हैं। वहीं अगर यहां पराग रन नहीं बना सकते हैं तो आगे उनके लिए मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। इससे पहले हरभजन ने भी उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाये थे।