सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन और यूपी की यूट्यूबर शिवानी की दोस्ती में दरार

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की चर्चित यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-3 की पूर्व प्रतिभागी शिवानी कुमारी तथा अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन आची की दोस्ती में दरार आ गई है। दोनों के बीच विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मार्विन ने वीडियो जारी कर शिवानी पर भारतीय संस्कृति और मेहमाननवाजी के नाम पर उनका मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है। वहीं, आरोपों के बाद शिवानी ने रोते हुए वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है।

दरअसल, अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन आची जुलाई 2025 में पहली बार उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियारी गांव पहुंचे थे। यहां शिवानी ने उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया था। इसके बाद सितंबर 2026 में मार्विन दोबारा शिवानी के गांव पहुंचे और दशहरा उत्सव में भी शामिल हुए। इस दौरान शिवानी ने स्थानीय टेसू-झेंझी परंपरा के तहत उनके चेहरे पर काला रंग लगाया, मूंछें बनाईं और माथे पर तिलक लगाया।

मार्विन के मुताबिक, उस समय उन्हें इस परंपरा और उनके चेहरे पर रंग लगाने के पीछे का उद्देश्य समझाया नहीं गया था। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति का हिस्सा मानकर स्वीकार कर लिया। हालांकि, बाद में दोस्तों और सोशल मीडिया पर लोगों की टिप्पणियां देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि इस घटना के जरिए उनका मजाक उड़ाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज हासिल करने के लिए किया गया। मार्विन ने यह भी कहा कि उन्हें भारत और भारतीय संस्कृति से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन एक दोस्त से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं थी।

मार्विन का वीडियो सामने आने के बाद शिवानी कुमारी भावुक हो गईं। उन्होंने रोते हुए कहा कि मार्विन उनके मेहमान और भाई जैसे थे। वह उनके साथ करीब 15 दिन तक रहे और इस दौरान उन्होंने हमेशा उनका सम्मान किया। शिवानी ने कहा कि यदि उनकी किसी बात से मार्विन को बुरा लगा था तो उन्हें सीधे बातचीत करनी चाहिए थी। उनके खिलाफ सार्वजनिक रूप से वीडियो जारी करने से उन्हें दुख पहुंचा है।

शिवानी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने कभी मार्विन का अपमान करने का इरादा नहीं रखा। दोनों के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं बंट गई हैं। कुछ लोग मार्विन की नाराजगी का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स शिवानी के पक्ष में अपनी राय रख रहे हैं। फिलहाल दोनों के बीच विवाद का समाधान नहीं हुआ है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #अमेरिकी #इन्फ्लुएंसर #मार्विन #यूपी #यूट्यूबर #शिवानी #दोस्ती #अमेरिकीइन्फ्लुएंसरमार्विनऔर