सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एनसीईआरटी के क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल में वार्षिकोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एनसीईआरटी के संयुक्त निदेशक प्रो. पी.सी. अग्रवाल (ऑनलाइन) और मुख्य वक्ता ट्रिपल आईटी भोपाल के निदेशक प्रो. आशुतोष कुमार सिंह उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। प्राचार्य शिव कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों को साझा किया। वर्ष 2023-24 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा प्रिया निराला को डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक, साहित्यिक, वैज्ञानिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। येलो हाउस (सावित्रीबाई फुले) को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि भगवानदास सबनानी ने छात्रों से प्रकृति और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया। प्रो. पी.सी. अग्रवाल ने आत्मविश्वासी शिक्षकों की भूमिका पर बल दिया, जबकि प्रो. आशुतोष सिंह ने युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के लिए आगे आने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रामायण आधारित शास्त्रीय नृत्य, गरबा, लोकनृत्य और योग प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। अंत में डॉ. सौरभ कुमार ने आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
#आरआईईभोपाल #वार्षिकोत्सव2025 #एनसीईआरटीभोपाल #सांस्कृतिककार्यक्रम #शिक्षाआयोजन #छात्रप्रतिभा #भोपालसमाचार