सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव रिदम 2के26 का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन छात्र गतिविधि परिषद के तत्वावधान में जारी है। इस वर्ष महोत्सव की थीम इको फ्यूजन है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर मेल देखने को मिलता है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के एक भारत श्रेष्ठ भारत क्लब की विशेष भूमिका रही। यह क्लब विद्यार्थियों को देश के विभिन्न राज्यों की भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने तथा विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। महोत्सव के अंतर्गत कई रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विशेष रूप से माय आरएनटीयू लोगो चैलेंज और क्रिएटिव एक्सप्रेशन माय स्टेट (मेरे राज्य की अभिव्यक्ति) ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

क्रिएटिव एक्सप्रेशन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को स्टोरीटेलिंग, कविता, नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और गायन के माध्यम से शानदार तरीके से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे परिधानों और जीवंत प्रस्तुतियों ने मंच को आकर्षक बना दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। प्रतियोगिता के विजेताओं में आशुतोष अग्निहोत्री, अंजली सिंह और सेजल पंथी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्र संयोजक काम्या सिंह और सिमरन सुंदरेशन का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राकेश खरे ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन नीता घंगरेकर द्वारा किया गया, जबकि अंत में योगेश पटेल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया। यह महोत्सव विद्यार्थियों के लिए न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच बना, बल्कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करता नजर आया।

 

#रिदम2के26#विविधता_में_एकता#सांस्कृतिक_कार्यक्रम#छात्र_प्रतिभा#युवा_उत्सव#एकता_में_विविधता#कॉलेज_इवेंट#कला_और_संस्कृति#रचनात्मक_अभिव्यक्ति