पेरिस । स्पेन के क्लब रियल मैड्रिड ने 14वीं बार चैम्पियंस लीग फुटबॉल खिताब जीत लिया है। रियल ने शनिवार देर रात खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के क्लब लिवरपुल को 1-0 से हराया। रियल की ओर से 59वें मिनट में एकमात्र विजयी गोल विनिसियस जूनियर ने किया।

चैम्पियंस लीग फाइनल को देखने के लिए तकरीबन 80 हजार दर्शक स्टेडियम में उपस्थित थे। इसी कारण मैच भी 30 मिनट देर से शुरु हुआ।

स्टेडियम में प्रवेश के दौरान बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा है कि लिवरपुल के बेकाबू प्रशंसकों पर सबसे ज्यादा आंसू गैस स्प्रे और गोले का इस्तेमाल हुआ।

इस मैच को भारतीय समयानुसार देर रात 12.30 बजे शुरू होना था पर यह 30 मिनट देर से शुरू हुआ। यूईएफए ने अपने एक बयान में कहा,सुरक्षा कारणों से मैच देर से शुरु हुआ। वहीं स्टेडियम के बाहर प्रशंसक अपने टिकट दिखाकर प्रवेश करते नजर आये। मैच में दोनो ही टीमों ने शुरुआत से ही एक दूसरे पर हमले बोल दिये।

पहला हाफ गोलरहित रहा। वहीं इसके बाद दूसरा हाफ शुरू होते ही रियल ने हमले शुरु कर दिये। इस मैच में रियल के क्लब मैनेजर कार्लो एंसेलोटी ने भी इतिहास बनाया है। अब वह चार बार यह खिताब जीतने वाले पहले मैनेजर बने हैं।