सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देहरादून स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना आगामी माह से आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। यह पहली बार होगा जब आमजन इस प्रतिष्ठित स्थल की भव्यता और सांस्कृतिक महत्व को नजदीक से देख सकेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 20 जून को अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान इस पहल का औपचारिक उद्घाटन करेंगी।
राजपुर रोड पर स्थित यह परिसर अब एक नई पहचान की ओर अग्रसर है। यहां विकसित किया जा रहा आधुनिक पार्क भी देहरादून शहर को एक बेहतरीन ग्रीन स्पेस प्रदान करेगा। पार्क में विश्व स्तरीय सुविधाएं, हरियाली, स्वास्थ्य गतिविधियाँ और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए विशेष स्थान होगा। लगभग 132 एकड़ भूमि में फैले इस प्रोजेक्ट में लोअर एस्टेट और नवनिर्माण कार्यों की तेज़ी से समीक्षा की जा रही है।
राष्ट्रपति सचिवालय के अपर सचिव डा. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।
राष्ट्रपति मुर्मु इस अवसर पर जहां आशियाना परिसर में जनता के लिए खोले जा रहे नए प्रभाग का उद्घाटन करेंगी, वहीं आधुनिक पार्क की आधारशिला भी रखेंगी, जो अगले वर्ष जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यह पहल उत्तराखंड को एक नई सांस्कृतिक और हरित पहचान देगी।
#राष्ट्रपतिआशियाना #राष्ट्रपतिमुर्मु #देहरादूनसमाचार #उत्तराखंडपर्यटन #आशियानाउद्घाटन #जनताकेलिएखुला