मुम्बई । नये कप्तान लोकेश राहुल के लिए 9 जून से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज आसान नहीं रहेगी। इस सीरीज में नियमित कप्तान रोहित शर्मा , अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली , तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मो शमी जैसे खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।

ऐसे में राहुल को युवा खिलाड़ियों के सहारे दक्षिण अफ्रीकी टीम का मुकाबला करना होगा और इस दौरान उनकी नेतृत्व क्षमता की परीक्षा होगी। राहुल का कप्तानी में पिछला रिकार्ड अब तक अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका दौरे पर एक टेस्ट और तीन एक अंतराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की थी, जहां भारतीय टीम को सभी मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। आईपीएल में भी वह अपनी टीम लखनऊ सुपजायंटस को जीत नहीं दिला पाये।

इससे पहले जब वह आईपीएल में पंजाब किंग्स के कप्तान थे तब भी उनकी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। आईपीएल में उनकी कप्तानी का रिकार्ड 50 फीसदी रहा है। इसका मतलब टीम आधे मुकाबले हारी हैं। इसे कहीं से भी बेहतर नहीं माना जा सकता। इस बार वह नाकाम रहे तो कप्तानी की दौड़ से बाहर हो जाएंगे। इसका कारण यह है कि ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और श्रेयस अय्यर जैसे युवा खिलाड़ी भी कप्तानी की दौड़ में शामिल हैं।

आईपीएल के इस 15 वें सत्र में राहुल ने लखनऊ की ओर से जमकर रन बनाये पर उनकी बल्लेबाजी धीमी रही जिसे भी आलोचकों ने टीम की हार का कारण बताया। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने तो यहां तक कहा कि राहुल कप्तानी के योग्य नहीं हैं। भारतीय टीम की बात करें तो टी20 में उसका सफर अब तक शानदार रहा है और उसने लगातार 12 मैच जीते हैं और वह रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। ऐसे में राहुल पर जीत का सिलसिला बनाये रखने का दबाव रहेगा।