सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के समर्थकों ने रविवार को लंबा मार्च शुरू कर दिया। खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मारवत से हजारों समर्थक वाहनों के काफिले के साथ इस्लामाबाद की ओर रवाना हुए। रिपोर्टों के अनुसार, मार्च में 5,000 से अधिक लोग शामिल हुए हैं। पीटीआई समर्थकों की मांग है कि जेल में बंद इमरान खान को रिहा किया जाए। मार्च की अगुवाई खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी कर रहे हैं। सरकार और पीटीआई के बीच मार्च को टालने को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पीटीआई ने प्रदर्शन आगे बढ़ाने का फैसला किया। प्रदर्शनकारियों के काफिले को कई चरणों में इस्लामाबाद की ओर ले जाने की योजना है। पीटीआई के कार्यक्रम के अनुसार, काफिला विभिन्न इलाकों से समर्थकों को साथ जोड़ते हुए खैबर पख्तूनख्वा से आगे बढ़ेगा। आठ अक्टूबर को खैराबाद पहुंचने के बाद मार्च के अगले चरण की घोषणा किए जाने की बात कही गई है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान सरकार ने इस मार्च को रोकने के लिए राजधानी के प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर कंटेनर लगाए गए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों को इस्लामाबाद में सड़कों और महत्वपूर्ण स्थानों पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले भी सरकार ने राजधानी की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को बंद किया था। इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में सजा हुई है, जबकि उनकी पार्टी इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताती रही है। मौजूदा मार्च के कारण पाकिस्तान में सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका है।
Hashtags: #WorldInternational #Bhopal #Desksource #इमर #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #तहर #समर