सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिवाली से पहले यूपी के 70 हजार शिक्षकों को प्रमोशन का तोहफा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत हजारों शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। करीब 70 हजार परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति की तैयारी शुरू कर दी गई है। ये शिक्षक वर्ष 2016 के बाद से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश में करीब 3.30 लाख परिषदीय शिक्षक हैं, जिनमें से लगभग 70 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की संभावना है। प्राथमिक विद्यालयों के सहायक शिक्षकों को प्रधानाध्यापक या उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर पदोन्नति दी जा सकती है। वहीं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक शिक्षकों को उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति का अवसर मिलेगा।

परिषद की ओर से वरिष्ठता सूची तैयार करने के लिए करीब तीन सप्ताह का समय दिया गया है। शिक्षकों की सूची परिषद कार्यालय को 23 अक्टूबर तक भेजने के निर्देश हैं। इसके बाद नवंबर से पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।

पदोन्नति प्रक्रिया में वरिष्ठता सूची अहम भूमिका निभाएगी। सूची तैयार होने के बाद शिक्षकों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद अंतिम सूची तैयार कर पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


Hashtags: #Education #Bhopal #Desksource #पहल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #लखनऊ #यरत