पर्थ । ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने देश के क्रिकेट बोर्ड (सीए) के साथ ही उसके अंतरिम प्रमुख रिचर्ड फ्रेउडेनस्टेन पर निशाना साधा है। लैंगर ने कहा कि सीए में जमकर राजनीति हो रही है। लैंगर ने इसी साल कोच पद छोड़ दिया था। लैंगर के कोच रहते ही टीम ने पहले बार टी20 विश्व कप जीता था। इसके अलावा टीम ने एशेज श्रृंखला में भी शानदार जीत दर्ज की थी।

इसके बाद उनका कोच पद का कार्यकाल बढ़ाये जाने की उम्मीद बन रही थी। पूर्व खिलाड़ियों मार्क वॉ, एडम गिलक्रिस्ट, रिकी पोंटिंग, स्टीव वॉ, मैथ्यू हेडन और दिवंगत शेन वॉर्न सहित कई पूर्व खिलाड़ियों ने लैंगर के साथ किए गए व्यवहार की आलोचना की है।

लैंगर ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘सबसे पहले रिचर्ड ने मुझसे कहा कि तुम्हें यह अच्छा लग रहा होगा कि तुम्हारे सभी साथियों का समर्थन तुम्हें मिला है।’ तब मैंने कहा कि यह बात बिलकुल सही है क्योंकि ये सभी लोग बड़े खिलाड़ी रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि क्रिस सिल्वरवुड के इंग्लैंड का कोच बनने के बाद उन्होंने इस बारे में किसी से कोई बात नहीं की है।