सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत में स्मार्टफोन ब्रांड POCO को लीड करने वाले हिमांशु टंडन ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। Moneycontrol की एक रिपोर्ट के अनुसार, हिमांशु अब OnePlus के को-फाउंडर Carl Pei की कंपनी Nothing के सब-ब्रांड CMF से जुड़ सकते हैं। यह कदम ऐसे समय में आया है जब Xiaomi को भारत में स्मार्टफोन बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
हिमांशु टंडन ने 2022 में POCO इंडिया की जिम्मेदारी संभाली थी, जब कंपनी ने एक संगठनात्मक बदलाव किया था। उनके कार्यकाल में ब्रांड की पहचान को और मजबूत किया गया और उन्होंने कंपनी के विस्तार में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में POCO ने भारतीय बाजार में कई लोकप्रिय मॉडल लॉन्च किए और युवा ग्राहकों के बीच अच्छी पकड़ बनाई।
रिपोर्ट के मुताबिक, Nothing के CMF डिवीजन को अब हिमांशु लीड कर सकते हैं। हालांकि, इस पर अभी तक POCO इंडिया और Nothing दोनों कंपनियों की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले Xiaomi इंडिया के प्रेसिडेंट मुरलीकृष्णन बी ने भी कंपनी को अलविदा कहा था, जिससे Xiaomi की भारतीय संचालन पर असर पड़ा था। हिमांशु टंडन का जाना इस कड़ी का एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
Nothing एक यूके-बेस्ड टेक स्टार्टअप है जो तेजी से ग्रो कर रहा है और अपने CMF ब्रांड के जरिए डिजाइन व इनोवेशन को नए मुकाम तक ले जाने की कोशिश में है। अगर हिमांशु टंडन इसके साथ जुड़ते हैं, तो यह दोनों पक्षों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
#पोकोइंडिया #हिमांशुटंडन #नथिंगकंपनी #टेकन्यूज #मोबाइलइंडस्ट्री