सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़  भोपाल   :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कारोबारियों से कहा कि भारत में “चिप से शिप तक” उत्पादन करना होगा और आत्मनिर्भर भारत के लिए व्यवसायिक मॉडल को मजबूत बनाना आवश्यक है। मोदी ने जोर दिया कि किसी पर निर्भर रहना अब मंजूर नहीं है और भारत को अपनी आर्थिक क्षमता को पूरी तरह विकसित करना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने 2014 से पहले केवल 2 लाख रुपए तक आयकर छूट प्रदान की थी, जबकि अब यह सीमा बढ़ाकर 12 लाख रुपए की गई है। नई जीएसटी सुधार से देश के लोगों को इस साल करीब 2.5 लाख करोड़ रुपए की बचत होगी। मोदी ने कहा कि भारत अब दुनिया के सामने एक आत्मनिर्भर और मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है।

इस बार के ट्रेड शो में रूस को कंट्री पार्टनर के रूप में आमंत्रित किया गया है। अनुमान है कि इस बार ट्रेड शो में लगभग 5 हजार करोड़ रुपए का व्यापार होगा। 2400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और यूपी के 40 जिलों के उत्पाद ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने निवेशकों को यूपी में निवेश करने, मैन्युफैक्चरिंग करने और एमएसएमई  नेटवर्क का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले दशकों में आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा और अंत्योदय के सिद्धांत के तहत विकास गरीब से गरीब तक पहुंचेगा। ट्रेड शो 29 सितंबर तक चलेगा और इस दौरान सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एआई मॉडल का लाइव डेमो भी आयोजित होगा।

#पीएम_मोदी #यूपी_इंटरनेशनल_ट्रेड_शो #आत्मनिर्भर_भारत #नोएडा #GST_रिफॉर्म #विकास