सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 16वें रोजगार मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर के 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने इस पहल को “बिना पर्ची, बिना खर्ची” नीति का प्रमाण बताया और कहा कि यह रोजगार मेला नौजवानों को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करने का एक मजबूत माध्यम बन चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि रोजगार मेले के माध्यम से लाखों युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए। जो युवा आज नियुक्ति पा रहे हैं, वे आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।”

इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, “बिना पर्ची, बिना खर्ची हमारी पहचान है। यही हमारी सरकार की कार्यशैली और ईमानदार व्यवस्था का प्रतीक है।”

प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि अब तक केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और मंत्रालयों में 9.73 लाख से अधिक युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे न केवल नौकरी को अवसर मानें, बल्कि इसे देश की सेवा का एक दायित्व भी समझें।

यह रोजगार मेला देशभर में 47 केंद्रों पर आयोजित किया गया, जहां विभिन्न सरकारी विभागों में युवाओं को नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री की यह पहल नवभारत के निर्माण में युवा शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

#प्रधानमंत्री_मोदी #रोजगार_मेला #सरकारी_नौकरी #युवाओं_को_रोजगार #बिना_पर्ची_बिना_खर्ची