सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया है। यह पहली बार है जब किसी भारतीय नेता को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है। नामीबिया की राष्ट्रपति नेतुम्बो नंदी-डैतवाह ने उन्हें यह सम्मान एक भव्य समारोह में प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित किया और नामीबिया की जनता का आभार व्यक्त किया।

यह सम्मान भारत और नामीबिया के बीच प्रगाढ़ होते रिश्तों और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है। इस सम्मान का नाम नामीबिया में उगने वाले विशिष्ट पौधे वेल्वित्शिया मिराबिलिस के नाम पर रखा गया है, जो जीवन शक्ति और सहनशीलता का प्रतीक माना जाता है।

यह पीएम मोदी का 27वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड है। इससे पहले उन्हें ब्राजील, रूस, फ्रांस, यूएई, अमेरिका, सऊदी अरब, भूटान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और अन्य देशों से भी सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत स्तर पर उनके वैश्विक नेतृत्व की पुष्टि करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि भारत अब विश्व राजनीति, कूटनीति और विकास में एक निर्णायक भूमिका निभा रहा है।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, “यह सम्मान लोकतंत्र की जननी भारत और उसके नागरिकों की ताकत का प्रतीक है। मैं इसे 1.4 अरब भारतीयों को समर्पित करता हूं।” यह सम्मान भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को और अधिक सुदृढ़ करता है।

#प्रधानमंत्री_मोदी, #नामीबिया_सम्मान, #अंतरराष्ट्रीय_सम्मान, #विदेश_नीति, #मोदी_डिप्लोमेसी, #ग्लोबल_सम्मान, #भारत_की_शान