सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को त्रिनिदाद और टोबैगो में बसे भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने इस अवसर पर त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला बिसेसर को महाकुंभ संगम और सरयू नदी का पवित्र जल और अयोध्या के श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।
मोदी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री बिसेसर को “बिहार की बेटी” कहकर संबोधित किया और बताया कि उनके पूर्वज बिहार के बक्सर जिले से हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कमला बिसेसर स्वयं बक्सर का दौरा कर चुकी हैं और वहां के लोग उन्हें गर्व से बिहार की बेटी मानते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद की सांस्कृतिक धारा को भारत से जोड़ते हुए, प्रधानमंत्री बिसेसर से आग्रह किया कि वह महाकुंभ और सरयू का पवित्र जल त्रिनिदाद की ‘गंगा धारा’ में अर्पित करें। उन्होंने कहा कि यह gesture भारत और त्रिनिदाद के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करेगा।
मोदी ने प्रवासी भारतीयों को भारत की सांस्कृतिक विरासत का संवाहक बताते हुए कहा कि वे भारत की आत्मा को दुनियाभर में जीवित रखते हैं। उन्होंने त्रिनिदाद में भारतीय समुदाय की उपलब्धियों और उनके भारतीय मूल्यों को संजोने के प्रयासों की सराहना की।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान भारत की संस्कृति और परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त उदाहरण बना।
#प्रधानमंत्री_मोदी, #त्रिनिदाद_टोबैगो, #भारतीय_समुदाय, #कमला_बिसेसर, #राममंदिर, #सरयू_जल, #महाकुंभ, #भारतीय_संस्कृति