सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने चोट के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगने के बाद भी उन्होंने मैदान में उतरकर शानदार फिफ्टी जड़ दी और भारत को मुश्किल स्थिति से उबारा।
मैच के पहले दिन पंत विकेटकीपिंग के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनकी जगह ध्रुव जुरैल ने कीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि जब बैटिंग की बारी आई, तो पंत खुद मैदान पर उतरे और अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम को बैकफुट पर ला दिया।
तीसरे दिन जब भारत ने 145/3 से पारी शुरू की, उस समय पंत 19 और केएल राहुल 53 रन पर नाबाद थे। पंत ने शुरू में थोड़ी तकलीफ के बावजूद धैर्य से खेलते हुए शानदार शॉट्स लगाए। उन्होंने 86 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 50 रन पूरे किए। खास बात यह रही कि जब वह 48 रन पर थे, तब एक बार फिर बेन स्टोक्स की गेंद उनकी चोटिल उंगली पर लगी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अगली ही गेंद पर जोरदार छक्का मार कर फिफ्टी पूरी की।
पंत और राहुल के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली। राहुल ने भी जिम्मेदार पारी खेलते हुए इंग्लिश गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने मिलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जब टीम शुरुआत में दबाव में थी।
ऋषभ पंत की इस पारी ने ना सिर्फ टीम इंडिया को राहत दी बल्कि एक बार फिर साबित कर दिया कि वो विपरीत परिस्थितियों में टीम के लिए बड़ा योगदान देने का जज़्बा रखते हैं। उनके जज्बे और बल्लेबाजी की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।
#ऋषभपंत #भारतvsइंग्लैंड #टेस्टमैच #क्रिकेटसमाचार #पंतकीफिफ्टी