भोपाल ।  विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने अपना ध्यान उपचुनाव से हटा दिया है। अब 12 अगस्त के बाद ही उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांगे्रस उम्मीदवार चयन को लेकर अपनी बैठक आयोजित करेगा। कांग्रेस ने खंडवा लोकसभा की गेंद दिल्ली के पाले में डाल दी है तो भाजपा ने अभी नामों की पैनल फाइनल नहीं की है। भाजपा भी दिल्ली से ही खंडवा के प्रत्याशी की घोषणा करेगी।

भाजपा सरकार जहां कुछ विधेयक को कानून के रूप में विधानसभा में पास कराने पर ध्यान दे रही है तो कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रही है। पिछले दो दिनों से विधानसभा सत्र को लेकर दोनों ही दल तैयारी करने में लगे हैं, इसलिए उपचुनाव को लेकर बैठकें अभी स्थगित कर दी हैं। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि खंडवा लोकसभा उपचुनाव के लिए पैनल तैयार हैं और उसमें से एक नाम दिल्ली से घोषित कर दिया जाएगा, वहीं तीन विधानसभा चुनावों को लेकर अभी प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही है। कमलनाथ के निजी सर्वे में जो नाम सर्वोपरि होगा, उसे ही टिकट दिया जाएगा। दूसरी ओर भाजपा खंडवा से नामों को लेकर उलझी पड़ी है। यहां से भी तीन नाम लगभग तय हैं और उनमें से ही प्रत्याशी चयन किया जाना है।

सत्र के बाद नामों का पैनल

भाजपा के सूत्रों का कहना है कि 12 अगस्त को विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद बैठक होगी और उसमें नामों का पैनल बनाकर दिल्ली भेज दिया जाएगा, जहां से फैसला होगा। भाजपा में भी अभी तीनों विधानसभा के नामों पर विचार चल रहा है और अभी तक पैनल तैयार नहीं हो पाई है। संभवत: अगस्त मध्य तक नामों पर सहमति बन जाएगी।