नई दिल्ली । विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने से उत्साहित महिला मुक्केबाज निकहत जरीन का लक्ष्य अब साल 2024 में होने वाले पेरिस ओलंपिक में पदक जीतना है।

निकहत ने भारतीय खेल प्राधिकरण और राष्ट्रीय महासंघ (बीएफआई) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कहा, ‘मुझे खुशी है कि मैंने देश के लिए विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। अब मैं भविष्य में और अधिक मेहनत कर पदक जीतना चाहूंगी।’

इस युवा मुक्केबाज ने कहा, ‘ओलंपिक मेरा अंतिम लक्ष्य है हालांकि वहां सफलता हासिल करने के लिए मुझे बहुत मेहनत करनी होगी क्योंकि ओलंपिक में स्पर्धा बेहद कड़ी होती है। मैंने अब तक जितनी मेहनत की है, उससे काफी अधिक मेहनत मुझे करनी होगी।’ उन्होंने कहा, ‘अब मुझ पर अधिक जिम्मेदारी रहेगी।’ इस खिलाड़ी ने कहा, ‘मुक्केबाजी में मेरी अब तक की यात्रा अच्छी रही है। यह आसान नहीं रहा है क्योंकि मैंने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं पर इसी उतार-चढ़ाव से मैं आज यहां हूं संघर्ष से ही मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।’