कोलकाता । टीम इंडिया में एक और अवसर मिलने से उत्साहित अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा है कि पिछले 18 साल में यह सबसे विशेष वापसी है। कार्तिक को नौ जून से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। 36 वर्ष के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘यह सबसे खास वापसी है क्योंकि कई लोगों ने इसकी संभावनाएं समाप्त मान लीं थीं।
मेरे लिए इस वापसी से यह संदेश है कि कि मैं उसी तरह से खेलूंगा जैसे पहले खेलता था।’ अब कार्तिक का लक्ष्य इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप की टीम में जगह बनाना है। उन्होंने कहा, ‘चयन के दावेदार कई युवा खिलाड़ी होंगे जिनका हुनर सबके सामने हैं।
इनके बीच विश्व कप टीम में जगह बनाने के दावेदारों में शामिल होना बहुत अद्भुत अहसास है।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि अभी मंजिल दूर है लेकिन रणनीति का हिस्सा होना और अपना कौशल दिखाने का मौका मिलना भी बड़ी बात है।’ कार्तिक ने भारत के लिए 26 टेस्ट, 94 वनडे और 32 टी20 मैच खेले हैं।
गौरतलब है कि आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के कारण कार्तिक को टीम में जगह मिली है। उन्होंने अंतिम बार भारत के लिये साल 2019 विश्व कप में खेला था। उन्होंने आरसीबी के टीम प्रबंधन की तारीफ की जिन्होंने एक फिनिशर की भूमिका के लिये उनका हमेशा साथ दिया।
कार्तिक ने कहा, ‘उन्होंने साफ तौर पर मेरी भूमिका बताई और मेरा साथ दिया। मैं आरसीबी का आभारी रहूंगा जिसने मुझे चुना और मुझ पर भरोसा करके मुझे यह जिम्मेदारी दी। मैने अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश की। मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।’