सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल ने सेमीकंडक्टर उद्योग में कौशल विकास को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान ने आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट ओएसएटी के लिए विशेष स्किल सेंटर की शुरुआत की है। इस सेंटर का उद्देश्य उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करना और असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग तथा पैकेजिंग जैसी व्यावहारिक क्षमताओं का विकास करना है, ताकि छात्रों को सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए तैयार कुशल मानव संसाधन बनाया जा सके। संस्थान द्वारा इस नए पहल के तहत एडवांस सेमीकंडक्टर कोर्स और एमएससी पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण और प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण प्रदान किया जाएगा। पाठ्यक्रम में सेमीकंडक्टर डिजाइन से लेकर इसके अनुप्रयोग तक की व्यापक जानकारी दी जाएगी, जिससे छात्रों की तकनीकी दक्षता और उद्योगोन्मुखी क्षमता बढ़ेगी। संस्थान ने ओएसएटी सेंटर के लिए रिसर्च और इनोवेशन पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव मध्यप्रदेश सरकार को भेजा है। प्रस्तावित पार्क में डिस्क्रीट पावर सेमीकंडक्टर डिवाइस और एप्लिकेशन-स्पेसिफिक मल्टी-चिप मॉड्यूल के लिए असेंबली एवं पैकेजिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। संस्थान के निदेशक सी.सी. त्रिपाठी ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को प्रोत्साहित करने के कदम सराहनीय हैं। राज्य की सक्रिय नीतियों से प्रदेश में इस क्षेत्र का तेज़ विकास संभव होगा। यह पहल भारतीय सेमीकंडक्टर मिशन के उद्देश्यों से भी जुड़ी हुई है, जिसका लक्ष्य भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर निर्माण और डिजाइन हब बनाना है। भविष्य में स्थापित होने वाले सेंटर में आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक, एमटेक और विज्ञान के विद्यार्थी उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क के लिए कुल 27.50 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग से 13.50 करोड़ रुपये की मांग की गई है। संस्थान के डीन पी.के. पुरोहित ने बताया कि यह सेंटर छात्रों और शिक्षकों को नवीनतम तकनीकों, उद्योग की मांग, शोध एवं नवाचार और करियर मार्गदर्शन से सुसज्जित करेगा, जिससे देश के तकनीकी भविष्य को मजबूत आधार मिलेगा।

 

#एनआईटीटीटीआरभोपाल #OSATस्किलसेंटर #सेमीकंडक्टर #रिसर्चपार्क #तकनीकीशिक्षा