सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश में मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित औजार खरीदी अनुदान योजना निर्माण श्रमिकों के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इस योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को अपने कार्य से संबंधित औजार खरीदने पर बैंक ऋण के माध्यम से 10 प्रतिशत या अधिकतम 5,000 रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। विदिशा के श्रमिक देवेंद्र शर्मा को इस योजना के अंतर्गत औजार खरीदी के लिए 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। इस सहयोग से उनके कार्य में दक्षता बढ़ी है और आय के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। यह उदाहरण दर्शाता है कि योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है, बल्कि श्रमिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना का मुख्य उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को आधुनिक उपकरणों से जोड़ना और उन्हें औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर वित्तीय रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए श्रमिक का पंजीकृत होना, आयु 60 वर्ष से कम होना तथा अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित औजारों की खरीदी करना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है, जिससे अधिक से अधिक पात्र श्रमिक योजना का लाभ उठा सकें। योजना में पात्रता के स्पष्ट मापदंड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें वैध पंजीकरण, आयु सीमा, जीवनकाल में एक बार लाभ और कार्य प्रासंगिकता जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। इन शर्तों का उद्देश्य संसाधनों का न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करना है। औजार खरीदी अनुदान योजना श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी उत्पादकता बढ़ाने और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रही है।

 

#निर्माणश्रमिक #वित्तीयसशक्तिकरण #आधुनिकीकरण #श्रमिककल्याण #डिजिटलभुगतान #कौशलविकास #सामाजिकसुरक्षा #आर्थिकसुधार #विकासकीदिशा