सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन, मध्यप्रदेश (NID MP) का द्वितीय दीक्षांत समारोह 21 नवम्बर 2025 को मुख्य सभागार में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। 2020–2024 तथा 2021–2025 के स्नातक बैचों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। समारोह में विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों, अभिभावकों और डिजाइन समुदाय की उपस्थिति रही।

समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद संचालन परिषद की अध्यक्षा डॉ. संध्या भुल्लर ने समारोह के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की।

एनआईडी मप्र की निदेशक डॉ. विद्या राकेश ने संस्थागत प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को बधाई दी और बताया कि इस वर्ष संस्थान ने कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों के साथ-साथ बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

अतिथि विशिष्ट, एनआईडी पूर्व छात्र और लोपेज डिज़ाइन के संस्थापक श्री एंथनी लोपेज ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार, नैतिक और नवाचार–केंद्रित डिजाइन का मंत्र दिया। उन्होंने अपने अनुभवों से सात महत्वपूर्ण सीख साझा करते हुए कहा कि सच्ची प्रगति प्रयास की निष्ठा से मापी जाती है, न कि परिणामों से।

दूसरे अतिथि विशिष्ट श्री शिवरामकृष्णन गणपति, मालिक– गोकुलदास एक्सपोर्ट्स, ने डिजाइन के वैश्विक अवसरों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से जोखिम लेने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उद्यमशीलता की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति के साथ डिजाइनर्स के लिए संभावनाएँ और भी व्यापक होंगी।

मुख्य अतिथि, डीआरडीओ की पूर्व महानिदेशक (एयरोनॉटिकल सिस्टम) डॉ. टेसी थॉमस ने प्रेरणादायी संबोधन देते हुए एनआईडी मप्र के विकास और तकनीक–समन्वित शिक्षा की सराहना की। उन्होंने डिजाइन और रक्षा नवाचार के संबंध को उदाहरणों सहित समझाया, जैसे स्मार्ट हेलमेट, एआर/ वीआर इंटरफेस, हेड-अप डिस्प्ले और उन्नत टेक्सटाइल सिस्टम। उन्होंने छात्रों से कहा कि तकनीक वही सार्थक है जो लोगों और राष्ट्र की सेवा करे।

संचालन परिषद की अध्यक्ष डॉ. संध्या भुल्लर ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि डिजाइन शिक्षा में पहले अनलर्निंग और फिर रीलर्निंग की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने टीमवर्क, मानसिक– शारीरिक स्वास्थ्य और मूल सिद्धांतों को अपनाने की सलाह दी तथा कहा कि भारत में डिजाइन की आवश्यकता और अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।

समारोह के अंत में रजिस्ट्रार श्री कृष्ण बिर्हमान ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों प्रति आभार व्यक्त किया।

उपाधि एवं पदक वितरण
2024 और 2025 में ग्रेजुएशन प्रोजेक्ट जूरी उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल प्रदान किए गए, साथ ही समग्र टॉपर्स को विशेष सम्मान दिया गया।

दीक्षांत संकल्प एवं समापन
विद्यार्थियों ने नैतिक, जिम्मेदार और संवेदनशील डिजाइन के प्रति प्रतिबद्धता का संकल्प लिया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

एनआईडी मध्यप्रदेश ने सभी स्नातकों को उज्ज्वल और सफल भविष्य की मंगलकामनाएँ दी हैं।

#एनआईडीमप्र #दीक्षांतसमारोह #डिज़ाइनशिक्षा #नवडिज़ाइनर्स #मध्यप्रदेश #