सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़/ इंटीग्रेटेड ट्रेड न्यूज़  भोपाल :  एनएचडीसी लिमिटेड, जो कि मध्य प्रदेश राज्य की प्रमुख जलविद्युत एवं सौर ऊर्जा उत्पादन कंपनी है, ने 1 अगस्त 2025 (शुक्रवार) को भोपाल स्थित सुभाष यादव भवन के सभागार में अपने 26वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया। सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायिका अरुणिता कांजिलाल की सुरीली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।  कार्यक्रम का शुभारंभ एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा एनएचडीसी के अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद गोयल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। उनके साथ एनएचडीसी निदेशक मंडल के सदस्य एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
श्री गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनएचडीसी ने प्रारंभ से ही मध्य प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि दो जलविद्युत परियोजनाएँ और दो सौर परियोजनाएँ मिलकर प्रदेश में स्थायी ऊर्जा का मजबूत आधार बना रही हैं। उन्होंने निगम की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत किए जा रहे कार्यों एवं ऊर्जा संरक्षण जागरूकता अभियानों की भी सराहना की। एनएचडीसी के प्रबंध निदेशक श्री राजीव जैन ने निगम की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और चुनौतियों की जानकारी साझा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी। समारोह में एनएचडीसी परिवार के सदस्य एवं शासन के कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।  एनएचडीसी लिमिटेड, एनएचपीसी लिमिटेड और मध्य प्रदेश शासन का एक संयुक्त उपक्रम है, जिसकी स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी। वर्तमान में इंदिरा सागर पावर स्टेशन (1000 मेगावाट), ओंकारेश्वर पावर स्टेशन (520 मेगावाट), ग्राउंड माउंटेड सांची सोलर प्रोजेक्ट (8 मेगावाट) तथा ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट (88 मेगावाट) के माध्यम से उत्पादित 100% विद्युत प्रदेश को ही प्रदत्त की जा रही है।
एनएचडीसी द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा के अन्य विकल्पों के माध्यम से प्रदेश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

#एनएचडीसी #स्थापना_दिवस #ऊर्जा_क्षेत्र #आत्मनिर्भर_भारत #हाइड्रोपावर