सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलगुरु दीनदयाल बेदिया ने प्रातः विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न शिक्षण विभागों, पुस्तकालय, बालक छात्रावास, शिक्षक एवं कर्मचारी आवासीय परिसर तथा ज्ञान-विज्ञान भवन सहित परिसर के विभिन्न स्थलों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा परिसर के बेहतर प्रबंधन एवं समग्र विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया।
कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विकास में सहयोग का अनुरोध
परिसर भ्रमण के दौरान कुलगुरु प्रो. बेदिया ने मेजर ध्यानचंद खेल परिसर के छोटे मैदान में क्रिकेट खेल रहे केनरा बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनसे संवाद करते हुए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में संभावित सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। केनरा बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों ने कुलगुरु से मुलाकात पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा विश्वविद्यालय के हित में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत नियमानुसार एवं यथासंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने कुलगुरु के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया।
नागरिकों से संवाद कर लिए सुझाव
कुलगुरु ने विश्वविद्यालय परिसर के आसपास निवास करने वाले तथा प्रातः भ्रमण के लिए आने वाले नागरिकों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास, परिसर की बेहतरी तथा संस्थान को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर उनके विचार एवं सुझाव प्राप्त किए। नागरिकों के साथ इस संवाद का उद्देश्य विश्वविद्यालय और आसपास के समाज के बीच बेहतर सहभागिता को प्रोत्साहित करना भी रहा।
सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
परिसर भ्रमण के दौरान कुलगुरु बेदिया ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने तथा विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कुलगुरु का यह प्रातःकालीन परिसर भ्रमण विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं समग्र विकास के प्रति उनकी सक्रियता को दर्शाता है। परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करने और नागरिकों से संवाद के माध्यम से सुझाव प्राप्त करने की यह पहल विश्वविद्यालय को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं विकासोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #समग #यवस #एनएन #टवर #आईट #बरकतउल #नवन #समग्रविकासहेतुसक्रिय