आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वर्ल्ड कप 2023 की लीग स्टेज का 24वां मैच खेला गया। ये मुकाबला ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड का था। ऑस्ट्रेलिया ने लगातार तीसरी जीत हासिल की। डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल की धमाकेदार पारियों के आगे नीदरलैंड के गेंदबाज बेबस दिखे।
ऑस्ट्रेलिया की इस जीत से वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के समीकरण कैसे बदलेंगे? जानेंगे कप कैसे जीतेगा इंडिया में…
पॉइंट्स टेबल की स्थिति
वर्ल्ड कप की पॉइंट्स टेबल में भारत टॉप पर है। टीम इंडिया के 10 पॉइंट्स हैं और उसे अभी 4 मैच और खेलने हैं।
दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका है। 5 मुकाबलों में से 4 मैच जीतकर उसके 8 पॉइंट्स हैं। साउथ अफ्रीका को अब 4 मैच और खेलने हैं।
8 पॉइंट्स के साथ न्यूजीलैंड तीसरे नंबर पर है। ऐसा इसलिए क्योंकि उसका नेट रन रेट साउथ अफ्रीका से कम है।
नीदरलैंड पर जीत दर्ज करने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया चौथे नंबर पर है। 5 मुकाबले खेलकर ऑस्ट्रेलिया ने 3 जीते, जिससे उसे 6 पॉइंट्स मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया को अभी 4 मैच और खेलने हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सेमीफाइनल खेलने के समीकरण
वर्ल्ड कप पॉइंट्स टेबल की टॉप 2 टीमें, यानी इंडिया और साउथ अफ्रीका अभी सेमीफाइनल की सबसे बड़े दावेदार हैं।
ऑस्ट्रेलिया को अभी न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से खेलना है।
ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल खेलने के लिए बचे हुए चारों मैच जीतने होंगे। 14 पॉइंट्स के साथ उसका सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने की राह आसान हो जाएगी।
आज इंग्लैंड और श्रीलंका का अहम मुकाबला
मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन टीम इंग्लैंड ने अब तक 1 मैच जीता है। 2 पॉइंट्स के साथ वो टेबल में 8वीं पोजिशन पर है। श्रीलंका उससे एक पोजिशन ऊपर यानी 7वें नंबर पर है।
इंग्लैंड को आज श्रीलंका के खिलाफ मैच खेलना है। उसके बचे हुए मैच भारत, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ हैं। अगर वो ये सब मुकाबले जीत जाती है तो भी उसके 12 पॉइंट्स ही होंगे। ऐसे में उसके सेमीफाइनल खेलने का फैसला नेट रन रेट से होगा। लेकिन भारत और ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाले मैच, इंग्लैंड के इस समीकरण को बिगाड़ सकते हैं।