भोपाल । विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज कल से होने जा रहा है।

वर्तमान सत्र 12 अगस्त तक चलेगा।  इस सत्र के सुचारू संचालन के लिए विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने आज दोपहर में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस दौरान विधानसभा सचिवालय द्वारा सदस्यों के उपयोग के लिए तैयार की गई असंसदीय शब्द एवं वाक्यांश संग्रह पुस्तिका का विमोचन भी होगा। विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह के अनुसार, सत्र की अधिसूचना जारी होने से अब तक विधानसभा सचिवालय में कुल 1184 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई है, जबकि ध्यानाकर्षण की 236, स्थगन प्रस्ताव की 17, शून्यकाल की 40, अशासकीय संकल्प की 14 एवं 139 अविलंवनीय लोक महत्व की चर्चा की आठ, याचिकाओं की 15 तथा शासकीय विधेयकों की तीन तथा लंबित विधेयकों की दो सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। मालूम हो, सदस्य सदन में पप्पू, फेंकू, तड़ीपार, चोर, बंटाढार सहित ऐसे कई शब्दों का उपयोग नहीं कर सकेंगे। सूची में असंसदीय शब्दों और वाक्यांशों की संख्या 1560 है। 40 पेज की पुस्तिका में इन्हें शामिल किया गया है। ये ऐसे शब्द व वाक्यांश हैं जिन्हें पहली विधानसभा से लेकर पिछले विधानसभा सत्र तक कार्यवाही के दौरान विलोपित कराए गए हैं। सर्वदलीय बैठक में सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहेंगे।  कोरोना संकट को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि सचिवालय परिसर में सामूहिक रूप से एकत्र न हों तथा मास्क लगाकर ही परिसर में प्रवेश करें। कोविड-19 से बचाव हेतु प्रवेश पूर्व टीकाकरण भी अनिवार्य रहेगा। टीकाकरण के बिना सदन में प्रवेश नहीं मिलेगा। अध्यक्षीय दीर्घा सहित सभी में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।