सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाड़ली बहना योजना को लेकर दिया गया एक मजाकिया बयान चर्चा में है। भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित बुंदेली समागम-2026 में छतरपुर की कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी ने मुख्यमंत्री से बेटियों के लिए सरकार की आगे की योजनाओं को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में मोहन यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि “लाड़ली बहना ही बहुत महंगी पड़ गई।” मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने के समय अंदाजा नहीं था कि लाड़ली बहना योजना की वित्तीय जिम्मेदारी इतनी बड़ी होगी। उन्होंने इसे कार्यक्रम के दौरान ‘अंदर की बात’ बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही उन्हें इसकी भारी जिम्मेदारी का सामना करना पड़ा। उनके जवाब के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए।

मोहन यादव ने साथ ही कहा कि सरकार महिलाओं के मामले में पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 1,000 रुपये मासिक सहायता से हुई थी और अब पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। उन्होंने बिन्नू रानी से मजाक में कहा कि अभी वह योजना के लिए छोटी हैं, बड़ी होने पर पात्र होने पर इसका लाभ ले सकेंगी। लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश की प्रमुख महिला-केंद्रित योजनाओं में शामिल है। इसके तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री की टिप्पणी के बाद इस बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #बहन #एनएन #टवर #आईट #भवन #2026 #छतरप #लडलबहन