सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में आयोजित वार्षिकोत्सव प्रतिभा-2026 के अंतर्गत चौथे दिन विविध सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का उत्साहपूर्ण आयोजन हुआ। विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी परिसर में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने स्किल इंडिया, मीडिया का बदलता स्वरूप, महिला आरक्षण और न्यूज बनाम व्यूज जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, डिजिटल शिक्षा पारंपरिक शिक्षा का स्थान ले सकती है।

प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किए। वेबसाइट डिजाइनिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया, वहीं कार्टून निर्माण में रचनात्मकता और व्यंग्य का सुंदर समन्वय देखने को मिला। फोटोग्राफी प्रतियोगिता प्रकृति के रंग माखनपुरम के संग थीम पर आधारित रही, जिसमें विद्यार्थियों ने परिसर के प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद किया। रेडियो कार्यक्रम निर्माण प्रतियोगिता का विषय अभ्युदय मध्यप्रदेश रखा गया, जिसमें विभिन्न विभागों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल मिलाकर तात्कालिक भाषण, फोटोग्राफी, वाद-विवाद, कार्टून, रेडियो, वेबसाइट निर्माण और पावर पॉइंट प्रस्तुति सहित सात विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी शुभारंभ हुआ। बालिका वर्ग में पहली बार आयोजित बॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलगुरु ने नवनिर्मित कोर्ट में किया। पत्रकारिता विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को हराकर जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में आठ टीमों ने भाग लिया, जिनके सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता में भी रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें विभिन्न विभागों की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
#MCU #प्रतिभा #खेलप्रतियोगिता #वार्षिकोत्सव #भोपाल #छात्रजीवन #स्पोर्ट्स