सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू), भोपाल में आयोजित फिल्म फेस्ट सिनेब्रेशन 3.0 सिनेमा, कला और संस्कृति का उत्साह चरम पर रहा। इस अवसर पर सतपुड़ा फिल्म सोसाइटी के अध्यक्ष लाजपत आहूजा ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फिल्में और पुस्तकें हमारे जीवन और समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। इनके माध्यम से न केवल ज्ञान में वृद्धि होती है, बल्कि जटिल विषयों की समझ भी विकसित होती है। उन्होंने फिल्मों और पुस्तकों के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अध्ययन और सिनेमा देखने की प्रेरणा दी। आहूजा ने विद्यार्थियों द्वारा निर्मित फिल्मों की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवा फिल्मकार नए और समकालीन विषयों को चुनकर प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने सतपुड़ा फिल्म सोसाइटी की ओर से फिल्म अध्ययन के लिए एक फैलोशिप की भी घोषणा की। इस फिल्म फेस्टिवल के दौरान विश्वविद्यालय का माखनपुरम परिसर सिनेमा प्रेमियों का प्रमुख केंद्र बना रहा। यहां उभरते फिल्मकारों, कलाकारों और कला प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ-साथ विद्यार्थियों की फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें विषय चयन से लेकर सिनेमैटोग्राफी, स्क्रिप्ट और साउंड डिजाइन तक उत्कृष्टता दिखाई दी। इस अवसर पर अभिनेता अजयपाल ने कहा कि भारत कथाओं का देश है और युवा शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से बड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है। वहीं, अभिनेता अंशुल कुकरेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय युवा पीढ़ी को लेखन और निर्देशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रहा है। महाकाल प्रोडक्शन के संस्थापक आकाश गौतम ने भारतीय सिनेमा के वैश्विक विस्तार पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कॉस्प्ले, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्टूडेंट्स बैंड की प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण पैदा किया। समापन अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में फिल्म निर्माण और अभिनय के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सिनेमा के प्रति उनके समर्पण का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

 

#एमसीयू #फिल्मफेस्ट #सिनेब्रेशन3 #भोपाल #मीडिया #शॉर्टफिल्म #FilmFestival