सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित सिनेब्रेशन 3.0 कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात अभिनेता राजीव वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिनेमा देखना भी एक महत्वपूर्ण कला है। विशेष रूप से फिल्म निर्माण से जुड़े विद्यार्थियों के लिए विभिन्न फिल्मों का अवलोकन उन्हें विषय चयन, प्रस्तुति और अभिव्यक्ति की बेहतर समझ प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई फिल्मों का शिक्षकों और मार्गदर्शकों द्वारा विश्लेषण किया जाना चाहिए, जिससे उनकी रचनात्मकता और दृष्टिकोण में सुधार होता है। जिस प्रकार पत्रकारिता में समाचारों का विश्लेषण किया जाता है, उसी प्रकार सिनेमा के क्षेत्र में भी फिल्म देखने, समझने और उसकी विवेचना करने की आदत विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। वर्मा ने विद्यार्थियों की फिल्मों और फिल्म पोस्टर प्रदर्शनी की सराहना करते हुए उसे मुख्यधारा के सिनेमा के समकक्ष बताया तथा छात्रों को भविष्य में और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव सिनेब्रेशन 3.0 का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी, अभिनेता राजीव वर्मा तथा मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय के निदेशक संजय श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ-साथ छात्रों द्वारा निर्मित फिल्मों का प्रदर्शन हुआ, जिनमें सामाजिक विषयों और सांस्कृतिक कथाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि सिनेमा आधुनिक समाज का दर्पण है और यह तकनीक की एक महत्वपूर्ण देन है। उन्होंने छात्रों को सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषयों पर फिल्म निर्माण के लिए प्रेरित किया। वहीं, संजय श्रीवास्तव ने भोपाल को सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए छात्रों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, फिल्म पोस्टर प्रदर्शनी, पुस्तकों की प्रदर्शनी तथा सोनी और निकॉन जैसी कंपनियों द्वारा तकनीकी उपकरणों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न गतिविधियों और पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन होगा।

 

#एमसीयू #सिनेब्रेशन3_0 #मीडिया_उत्सव #फिल्म_निर्माण #छात्र_गतिविधि