सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय ‘अभ्युदय’ कार्यक्रम का समापन हाल ही में हुआ। कार्यक्रम में सिनेमा, मीडिया और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और अनुभव साझा किया। कार्यक्रम के अंतिम दिन ‘रुस्तम’ और ‘इकबाल’ जैसी चर्चित फिल्मों के पटकथा लेखक विपुल के. रावल ने भारतीय फिल्म उद्योग और वैश्विक सिनेमा के विकास की यात्रा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अच्छे लेखक देश को समझने के बाद ही कहानियों में विविध विषयों का समावेश करते हैं। उन्होंने रियल लाइफ आधारित कहानियों और लेखन तकनीक के संबंध पर भी प्रकाश डाला।

वरिष्ठ पत्रकार श्री अनंत विजय ने कहा कि फिल्मों की कहानियां हमारी भावनाओं का प्रतिबिंब हैं और अच्छी फिल्म समीक्षा के लिए कहानी में गहराई से विश्लेषण करना जरूरी है। नेटवर्क 18 के वरिष्ठ संपादक बृजेश कुमार सिंह ने डिजिटल मीडिया और प्रिंट मीडिया के परिवर्तन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया ने तेज़ी से वृद्धि की है और छात्रों को नए कौशल विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण ने मीडिया में विश्वसनीयता, फैक्ट चेकिंग और डिजिटल फ्रॉड पर छात्रों को सचेत किया। एनडीटीवी की पूर्व छात्रा अदिति राजपूत ने कहा कि मीडिया समाज में परिवर्तन लाने की शक्ति रखता है और इसके उत्तरदायित्व को समझना आवश्यक है।

ड्रोन तकनीक विशेषज्ञ चिराग जैन ने मीडिया क्षेत्र में तकनीकी विकास और ड्रोन के बढ़ते उपयोग पर अपने अनुभव साझा किए। अधिवक्ता शिखा छिब्बर ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय प्रणाली और नए कानूनों की जानकारी दी। विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा और कालिंदी कॉलेज की एसोशिएट प्रोफेसर डॉ. निधि अरोड़ा तथा फिल्मकार सरिता चौरसिया ने छात्र जीवन और फिल्म उद्योग में करियर के अनुभव साझा किए।
समापन सत्र के मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग श्री अशोक पांडे ने पत्रकारों के अधिकार और कर्तव्य पर प्रकाश डाला। कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने युवाओं को देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र उत्सव ठाकुर को स्व. श्री अनिल चौबे स्मृति पदक और 21,000 रुपये की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन गजेन्द्र अवास्या, सुनीता द्विवेदी और राहुल खडि़या ने किया।
समापन अवसर पर कुलसचिव पी. शशिकला ने आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सिनेमा, मीडिया और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव और मार्गदर्शन प्रदान किया।
#एमसीयू #अभ्युदय #सत्रारंभ #मीडिया #सिनेमा