सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में एक अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कैंसर पीड़ितों से बातचीत की, स्मृति पट्टिका का अनावरण किया और पूरे परिसर का निरीक्षण भी किया।

अस्पताल के अधिकारियों ने इसे संस्थान के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया और कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति ने सात दशकों से अधिक समय से अस्पताल द्वारा दी जा रही सस्ती, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय मान्यता दिलाई है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने सर गंगाराम अस्पताल में ही भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का भी हालचाल जाना। उन्होंने शिबू सोरेन के बेटे और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की और उनके पिता के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

राष्ट्रपति कार्यालय ने इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी साझा की। राष्ट्रपति ने शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

यह उद्घाटन कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं के उपयोग को बढ़ावा देगा।