सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के नवीन मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद सभागार में “ट्रेंड्स इन प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विकसित हो रही प्रिंटिंग और पैकेजिंग इंडस्ट्री से जुड़े व्यावहारिक ज्ञान और उद्योग आधारित समझ प्रदान करना था।
कार्यशाला की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रो. पी. शशिकला के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने बी.टेक (प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग) कार्यक्रम के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह राज्य के प्रमुख और विशिष्ट पाठ्यक्रमों में से एक है। उन्होंने उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप आयोजित होने वाली कार्यशालाओं को व्यावहारिक सीख के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यशाला चार सत्रों में संपन्न हुई।

पूर्व छात्रा एवं विशेषज्ञ वक्ता मिताली उपाध्याय ने “ऑटोमोटिव इंडस्ट्री में पैकेजिंग ट्रेंड्स” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उनके उद्बोधन में लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउस ऑप्टिमाइजेशन, संधारणीयता, एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पॉन्सिबिलिटी अनुपालन, सीपीसीबी दिशानिर्देश तथा कार्बन फुटप्रिंट में कमी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। उन्होंने एसएपी/ईडब्ल्यूएम की मूल अवधारणाएँ, आईओटी अनुप्रयोग तथा सप्लायर से ग्राहक तक पैकेजिंग वर्कफ़्लो के चरणों पर भी प्रकाश डाला। अंत में उन्होंने ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) पैकेजिंग आवश्यकताओं और कैरियर अवसरों पर चर्चा की।
अगले सत्र में संदर्भ गुप्ता ने “पैकेजिंग दैट वर्क्स: रियल प्रॉब्लम्स, रियल फिक्सेस, रियल करियर्स” विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने पैकेजिंग की मूलभूत अवधारणाओं को समझाते हुए बताया कि पैकेजिंग सामग्री को “अंतिम सेल्समैन” क्यों कहा जाता है। उन्होंने ट्रॉपिकाना और पेपर बोट जैसी प्रतिष्ठित ब्रांडों के केस स्टडी साझा किए और यह समझाया कि मिसप्रिंटिंग जैसी गलतियाँ उत्पाद की गुणवत्ता पर किस प्रकार प्रभाव डालती हैं।
महेन्द्र मनवरे ने “कोरलड्रॉ फॉर प्रिंट डिज़ाइनर्स” विषय पर व्यावहारिक सत्र संचालित किया, जिसमें उन्होंने सॉफ्टवेयर टूल्स, कलर प्रोफाइल्स और लोगो निर्माण का प्रदर्शन किया।
पद्माकर संतापे ने “ओरिगेमी ब्लॉक प्रिंटिंग” का प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने पारंपरिक ब्लॉक प्रिंटिंग तकनीकों को समझाया और उसके बाद प्रैक्टिकल अभ्यास भी कराए।
कार्यशाला का सफल संचालन नवीन मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक अभिषेक पांडे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन उद्योग-शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसने प्रतिभागियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप महत्वपूर्ण ज्ञान और कौशल प्रदान किए।
#माखनलालविश्वविद्यालय #प्रिंटिंगट्रेंड्स #पैकेजिंगउद्योग #वर्कशॉप #मीडियाशिक्षा #तकनीकीप्रशिक्षण #भारतीयविश्वविद्यालय