सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल स्कूल ऑफ लीगल स्ट्डीज, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम मेंडोरा, भोपाल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुकेश कुमार साहू (डीन एंड डायरेक्टर, स्कूल ऑफ लीगल स्ट्डीज, एल एन सी टी युनिवर्सिटी) ने की जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सुनीत अग्रवाल (जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल) तथा आमंत्रित अतिथि के रूप में मीरा सुरेश सिंह तोमर (सरपंच, ग्राम मेंडोरा, भोपाल) शामिल हुए। कार्यक्रम का आरंभ अतिथिगणों के स्वागत से हुआ तत्पश्चात मुकेश कुमार साहू ने समस्त जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि भारत में संविधान के अनुच्छेद 39A के तहत, जो लोग गरीबी, अक्षमता या अन्य कारणों से वकील की फीस और अदालती खर्च उठाने में असमर्थ हैं, उन्हें ‘राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण या राज्य/जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सलाह, दस्तावेज़ीकरण और वकील की सुविधा प्रदान की जाती है। तत्पश्चात कैप्टन पीयूष नेमा (एनएसएस ऑफिसर) ने सभी को संबोधित करते हुए बताया कि लोक अदालत वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्रों में से एक है। यह एक ऐसा मंच है जहां कानून की अदालत में या पूर्व मुकदमेबाजी के स्तर पर लंबित विवादों/मामलों को सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटाया/समझौता किया जाता है। लोक अदालत को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत वैधानिक दर्जा दिया गया है। सुनीत अग्रवाल ने अपने संबोधन में सभी को बताया कि निशुल्क विधिक सेवाओं में निम्नलिखित शामिल हैं :-
कोर्ट फीस, प्रक्रिया फीस और किसी विधिक कार्यवाही के संबंध में देय या किए गए अन्य सभी प्रभारों का भुगतान।विधिक कार्यवाहियों में वकीलों की सेवा प्रदान करना। विधिक कार्यवाहियों में आदेश और अन्य दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त करना और उनकी आपूर्ति करना। मुद्रण और विधिक कार्यवाही में दस्तावेजों के अनुवाद सहित अपील, पेपर बुक की तैयारी। कार्यक्रम में विधि विभाग के सभी प्राध्यापकों सहित विभाग के सभी कर्मचारीगण, छात्र व छात्राएं एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम मुकेश कुमार साहू के मार्दशन में किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में दुर्गेन्द्र सिंह राजपूत, योगिनी उपाध्याय, ऋचा सिंह एवं रजत ऊमरे का योगदान महत्वपूर्ण रहा। इस कार्यक्रम की सफलता पर एल एन सी टी ग्रुप के सेक्रेटरी अनुपम चौकसे धर्मेन्द्र गुप्ता (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर), एन. के. थापक (वी.सी., एल एन सी टी युनिवर्सिटी) एवं सोनी (रजिस्ट्रार, एल एन सी टी युनिवर्सिटी) सहित सभी ने बधाईयां दी।

#LNCTUniversity #विधिकसाक्षरता #कानूनीजागरूकता #भोपालसमाचार #शिक्षासमाचार #LawAwareness #StudentCamp #LegalLiteracy