सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एलएनसीटी विश्वविद्यालय में हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए एक भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ विभिन्न देशों से आए विद्यार्थियों ने अपनी शिक्षा पूरी कर उपाधियां प्राप्त कीं। यह समारोह वैश्विक शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक शानदार उत्सव था, जिसने भारत को ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
समारोह में युगांडा, सूडान, साउथ अफ्रिका, श्रीलंका, यमन, तंजानिया, केन्या,जिम्बाब्वे, नाइजीरिया, नेपाल सहित कई अफ्रीकी देशों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिन्होंने एलएनसीटी विश्वविद्यालय से पैरामेडिकल, बीसीए,फार्मेसी, इंजीनियरिंग और मास कम्युनिकेशन जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों में सफलता हासिल की। इस अवसर पर इंटरनेशनल एड्मिशन सेल के प्रभारी दमन प्रीत सिंह एवं कमल दीप के साथ विश्वविद्यालय के गणमान्य व्यक्तियों और अतिथियों ने छात्रों को संबोधित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि डिग्री केवल एक उपाधि नहीं, बल्कि जीवनभर की जिम्मेदारी है, जो न केवल स्वयं की प्रगति की है, बल्कि समाज और वैश्विक मानवता के प्रति भी है। उन्होंने विदेशी विद्यार्थियों के साहस और समर्पण की सराहना की, जिन्होंने नई संस्कृति और वातावरण में शिक्षा ग्रहण करने का साहसी निर्णय लिया।
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर नरेंद्र कुमार थापक ने कहा कि आज का युग ज्ञान, संसाधन और डेटा के वैश्विक आदान-प्रदान का है, और हर राष्ट्र के पास कुछ ऐसा है जिसे वह साझा कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विविधता का सम्मान करने, बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक दृष्टिकोण अपनाने तथा अनुभव से निरंतर सीखने का आग्रह किया।
एलएनसीटी ग्रुप के सचिव अनुपम चौकसे ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह न केवल अकादमिक सफलता का उत्सव था, बल्कि एलएनसीटी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक समावेशिता और वैश्विक एकता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। विश्वविद्यालय ने सभी अंतर्राष्ट्रीय छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम ने भोपाल में शिक्षा के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को और मजबूत किया है।
#एलएनसीटीविश्वविद्यालय, #दीक्षांतसमारोह, #अंतर्राष्ट्रीयछात्र, #भोपाल, #विश्वविद्यालयसमाचार