सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी टेडएक्सएलएनसीटी भोपाल 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, उद्यमिता एवं टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रतिष्ठित वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भोपाल कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी प्रियंक मिश्रा, IAS ने विद्यार्थियों को आत्म-जागरूकता, अनुशासन और नेतृत्व के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने चाहिए तथा निरंतर आत्ममूल्यांकन के माध्यम से स्वयं को बेहतर बनाते रहना चाहिए।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एवं यूनिसेफ इंडिया यूथ एडवोकेट गौरांशी शर्मा, जिन्होंने सुनने और बोलने में कठिनाई जैसी चुनौतियों के बावजूद 2022 डेफ्लंपिक्स, ब्राज़ील में स्वर्ण पदक जीतने की प्रेरणादायक यात्रा साझा की। उनके संघर्ष और सफलता की कहानी ने उपस्थित विद्यार्थियों को भावुक और प्रेरित किया।
सीमेंस इंडिया में इंडिया लीड – कैंपस हायरिंग एवं एम्प्लॉयर ब्रांडिंग हेड अजय वीरेंद्र ब्रह्मभट्ट ने बदलती कार्यसंस्कृति और स्किल आधारित करियर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री ही सफलता का पैमाना नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, निरंतर सीखने की क्षमता और सही दृष्टिकोण युवाओं को आगे बढ़ाता है।
इसके अलावा कार्यक्रम में अविनाश तलरेजा, डॉ. साहिबा बावा, जैनुल आबेदीन प्रथमेश भोसले तथा वेंकटेश्वरन रामासेशन ने भी अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने करियर, स्वास्थ्य, स्पेस टेक्नोलॉजी, नेतृत्व, उद्यमिता और भविष्य की संभावनाओं पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर एलएनसीटी समूह के माननीय सचिव डॉ. अनुपम चौकसे ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा से आगे बढ़कर नवाचार, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक ज्ञान की ओर प्रेरित करते हैं।
वहीं डॉ. अनुज गर्ग, डायरेक्टर – ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, एलएनसीटी समूह ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ कम्युनिकेशन स्किल, लीडरशिप और अनुकूलन क्षमता भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं प्रोफेशनल्स की सहभागिता रही। टेडएक्सएलएनसीटी 2026 का सफल आयोजन छात्र टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व पूर्व आयोजक वंश राठी तथा ऑर्गेनाइज़र एवं टेडएक्स लाइसेंसी यश शर्मा ने किया।
कार्यक्रम का समापन युवाओं को नवाचार, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने के संदेश के साथ हुआ।