सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,भोपाल द्वारा डीमार्ट चौराहा, कोलार रोड स्थित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के मध्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान श्रमिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा मौके पर ही उनके समाधान के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में श्रमिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष रखीं, जिनका समाधान बताते हुए उन्हें संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित गैर-सरकारी संस्था (एनजीओ) के स्वयंसेवकों द्वारा भी श्रमिकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके आवेदन प्राप्त किए गए।
सचिव द्वारा निर्देशित किया गया कि ई-श्रमिक कार्ड, संबल योजना एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर श्रमिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करें। इन समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में उपस्थित श्रमिकों को विधिक सलाह प्रदान करते हुए संबल योजना, ई-श्रमिक कार्ड एवं विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया।

#मजदूरदिवस #विधिकसेवा #जागरूकताशिविर #श्रमिकअधिकार #कानूनीसहायता #समाजसेवा #भारतसमाचार