सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्मजयंती पर ‘सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह के दौरान देशभर के खेल प्रेमियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से वर्चुअल जुड़कर संवाद भी किया। भोपाल लोकसभा का समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में संपन्न हुआ। जहां प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सांरग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय भाजपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र यती, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, पूर्व सांसद आलोक संजर, ननि अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, सेज ग्रुप के चेयरमैन संजीव अग्रवाल, पूर्व ओलंपियन समीर दाद सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में विजेता, उपविजेता रहे खिलाड़ियों को ट्राफी, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए सांसद शर्मा ने कहा कि ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। वर्ष 2030 में भारत में कामनवेल्थ गेम्स होने है। युवा खिलाड़ी इसकी तैयारी अभी से करें।


लोकनृत्य और बैंड की प्रस्तुति
भोपाल में सांसद खेल महोत्सव के अवसर पर उत्सव जैसा माहौल था। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में पारंपरिक लोकनृत्य और बैंड की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान आसमान में रंगीन गुब्बारे छोड़े गए।
प्रधानमंत्री मोदी जी के विजन से जुड़े करोड़ों युवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन सांसद खेल महोत्सव से देशभर के करोड़ों युवा जुड़ चुके हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब तो खेलों को लेकर बच्चों के माता-पिता और समाज की भी सोच बदल रही है। ‘जेन जी’ का खेलों के प्रति लगाव देश की ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के कई अवसर हैं। फिट इंडिया, स्कूल गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स के साथ-साथ सांसद खेल महोत्सव में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के मौके मिल रहे है। युवा निर्माण से राष्ट्र निर्माण का एक मजबूत स्तंभ बन रहा है। हार के बाद जीत, सक्षम और अनुशासित बनाता है। देश में ऐसी संभावनाओं का निरंतर विकास हो रहा है।
पुरस्कार पाकर खिल उठे विजेताओं के चेहरे
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि भोपाल लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत 76 हजार प्रतिभागियों ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया था। सीहोर और बैरसिया ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने युवाओं में ऊर्जा भर दी। एक ओर जहां कुश्ती और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल की प्रतिभाएं निकल कर आई हैं वहीं क्रिकेट, एथलेटिक्स, बैडमिंटन फुटवाल और हॉकी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। गोविंदपुरा, हुजूर, मध्य, दक्षिण-पश्चिम, नरेला और उत्तर विधानसभा में स्कूल स्तर, ब्लाक स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं का प्रदर्शन जोरदार रहा।
तीन स्तर की खेल प्रतियोगिताएं
सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत भोपाल में 24 सितंबर को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया था। उसके बाद तीन महीने तक तीन स्तर की प्रतियोगिताएं ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर और लोकसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

#खेल #युवा #ग्रामीणप्रतिभा #खेलप्रतियोगिता #खेलविकास #भारतकेखिलाड़ी