सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए, जबकि समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे बैठक में भोपाल विकास प्राधिकरण, नगर निगम, वन विभाग, नगर एवं ग्राम निवेश, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, गृह निर्माण मंडल तथा जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कलेक्टर गाइडलाइन वर्ष 2026-27 के प्रारूप पर चर्चा करना था। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से प्राप्त सुझावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर औद्योगिक क्षेत्रों की दरों को उनकी वास्तविक स्थिति के अनुरूप संशोधित किया गया। मुख्य मार्गों एवं आंतरिक क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित करने के साथ ही नई विकसित कॉलोनियों को भी गाइडलाइन में शामिल किया गया। कुल 63 सुझावों पर चर्चा की गई, जिनमें से 4 को पूर्ण रूप से, 34 को आंशिक रूप से स्वीकार किया गया, जबकि 22 सुझावों को अस्वीकार किया गया।

3 सुझावों को केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड के विचारार्थ भेजने का निर्णय लिया गया। अलार्क रेसिडेंसी, भौंरी, नूर-उस-सबाह रेसिडेंसी कोहेफिजा, मेफेयर कॉलोनी, गोल्डन सिटी जाटखेड़ी और प्रेमपुरा भदभदा जैसे क्षेत्रों की दरों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कुछ मामलों में संशोधन किए गए, जबकि कई प्रस्ताव दस्तावेजों के आधार पर निरस्त कर दिए गए। भोपाल विकास प्राधिकरण द्वारा रक्षा विहार और ऐरो सिटी परियोजनाओं की दरों में संशोधन का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया, जिससे किफायती आवास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित गाइडलाइन में कुल 2177 कंडिकाएं शामिल हैं, जिनमें से लगभग 66 प्रतिशत में कोई वृद्धि नहीं, जबकि 740 में वृद्धि प्रस्तावित है। अंत में कलेक्टर ने गाइडलाइन को अंतिम रूप देकर केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए।
#कलेक्टर #जिलामूल्यांकनसमिति #प्रशासन #विकासकार्य #समीक्षाबैठक #सरकारीयोजनाएं #स्थानीयसमाचार