सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जमशेदपुर बैंक लूट में 42 लाख कैश और 23 किलो सोना, एसआईटी करेगी जांच

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में केनरा बैंक की गोलमुरी शाखा में दिनदहाड़े हुई बड़ी डकैती के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात में बदमाश करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 23 किलो सोना लेकर फरार हुए हैं। घटना के बाद मामले की जांच के लिए शहर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 20 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया गया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:10 बजे पांच से सात हथियारबंद बदमाश बैंक में दाखिल हुए। उन्होंने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बनाया और बैंक का चेस्ट खुलवाकर नकदी तथा सोने के आभूषण लूट लिए। बदमाश वारदात के बाद मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

बैंक से लूटे गए सोने का वजन करीब 23 किलो बताया जा रहा है। यह सोना गोल्ड लोन के एवज में बैंक में रखा गया था और कई ग्राहकों से संबंधित बताया जा रहा है। लूटे गए सोने की कीमत का अंतिम आकलन बैंक के रिकॉर्ड और जांच के बाद किया जाएगा। एसआईटी ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच के साथ कई स्थानों पर छापेमारी भी शुरू की है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #Desksource #जमश #एसआईट #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #नदह