सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जयपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हवाई अड्डे के आधिकारिक ईमेल पर भेजे गए धमकी भरे संदेश में दावा किया गया कि दोनों स्थानों पर एक से दो घंटे के भीतर “जोरदार धमाका” होगा।
धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। पुलिस, सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड समेत सभी टीमें हरकत में आईं और एयरपोर्ट व सीएमओ परिसर की घेराबंदी कर गहन तलाशी अभियान चलाया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और खोजी कुत्तों की मदद से इलाके की तलाशी ली गई। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।
अधिकारियों का मानना है कि यह संभवतः एक झूठी धमकी हो सकती है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी सुरक्षा कदम उठाए गए हैं। इस घटना से पहले भी जयपुर में स्कूलों, कोर्ट, मेट्रो स्टेशन और स्टेडियमों को लेकर कई बार फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में विद्याधर नगर के एक स्कूल, फैमिली कोर्ट और सवाई मानसिंह स्टेडियम को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है, जबकि मामले की जांच जारी है।
#जयपुर #बमधमकी #सीएमऑफिस #एयरपोर्टसुरक्षा #राजस्थानसमाचार #सुरक्षाअलर्ट #फर्जीधमकी