सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम एशिया में बीते 12 दिनों से जारी तनाव और संघर्ष पर आखिरकार विराम लग गया है। इजरायल और ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में प्रस्तावित युद्धविराम को स्वीकार कर लिया है। इस समझौते के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि लंबे समय से सुलग रहे मिडिल ईस्ट में अब शांति बहाल हो सकेगी।
इससे पहले मंगलवार तड़के ईरान ने इजरायल पर मिसाइल हमले किए थे, जिसमें 7 लोगों की जान चली गई। इसके जवाब में इजरायल ने ईरान के कई अहम ठिकानों पर जोरदार हवाई हमले किए। लेकिन सुबह होते-होते दोनों देशों की ओर से युद्धविराम को लेकर सहमति बन गई।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि “हमारा प्राथमिक टारगेट पूरा हो चुका है। अब हम ट्रंप प्रशासन के साथ समन्वय में युद्धविराम को स्वीकार कर रहे हैं। हालांकि हम अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।”
ईरान की ओर से भी इसी तरह का बयान आया है, हालांकि शुरुआती दौर में तेहरान ने किसी भी सीजफायर समझौते से इनकार किया था। बाद में सरकारी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की कि अमेरिका की पहल पर युद्ध रोकने का फैसला लिया गया है।
इस सीजफायर के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने राहत की सांस ली है। संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और अरब लीग ने शांति की दिशा में इसे पहला अहम कदम बताया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह संघर्षविराम कितने समय तक स्थायी रह पाता है।
#इजरायल #ईरान #युद्धविराम #मध्यपूर्व #नेतन्याहू #डोनाल्डट्रंप #मिसाइल_हमला #शांति_समझौता