सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जमुई कांड की जांच IPS दीप्ति मोनाली के हाथों में, जानें कौन हैं
जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से जुड़े मामले की जांच की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी दीप्ति मोनाली को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाने और कानूनी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया है। दीप्ति मोनाली वर्तमान में जमुई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह जमुई अनुमंडल की पहली महिला एसडीपीओ हैं। इससे पहले उन्होंने गया जिले में प्रशिक्षु सहायक पुलिस अधीक्षक के तौर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण लिया था। भारतीय पुलिस सेवा में चयन के बाद उन्होंने राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।
दीप्ति मोनाली मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण की रहने वाली हैं और उनकी परवरिश पटना में हुई। उन्होंने पटना के डीएवी पब्लिक स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से दर्शनशास्त्र में स्नातक और मिरांडा हाउस से इसी विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 में अखिल भारतीय स्तर पर 184वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उनका भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयन हुआ और वह 2024 बैच की बिहार कैडर की अधिकारी बनीं। जमुई मामले में एसआईटी अब घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपितों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। प्रशासन ने मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई के लिए भी कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान या मामले से जुड़ी अपुष्ट सामग्री साझा नहीं करने की अपील की गई है।
Hashtags: #Education #Bhopal #Desksource #Ips #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #आईप #उनक