सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज में आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर नवप्रवेशी छात्राओं के लिए व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संचार एवं पावर ड्रेसिंग विषयों पर प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशेषज्ञों से जीवन एवं करियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मीनू टहिल्यानी, डीन, कॉमर्स एण्ड कंप्युटर साइंस, के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन का भरपूर लाभ उठाने तथा अपने व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
प्रथम सत्र में वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं करियर काउंसलर सुश्री श्वेता केसवानी ने प्रभावी संचार कौशल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में संवाद कौशल व्यक्तिगत और व्यावसायिक सफलता की आधारशिला है। व्यावहारिक उदाहरणों एवं उपयोगी सुझावों के माध्यम से उन्होंने छात्राओं को अपने संचार कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सत्र की शुरुआत डॉ. शाज़िया खान, डीन, विज्ञान विभाग के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे इंडक्शन कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लें और इसका अधिकतम लाभ उठाएँ। इसके पश्चात उन्होंने फैशन डिज़ाइनर श्रीमती मायरा केसवानी का स्वागत किया, जो अपने अभिनव डिज़ाइनों और आकर्षक शैली-बोध के लिए जानी जाती हैं।

फैशन डिज़ाइनर मायरा केसवानी ने पावर ड्रेसिंग की अवधारणा पर संवाद किया। उन्होंने बताया कि व्यक्तित्व के अनुरूप परिधान न केवल सकारात्मक प्रथम छाप छोड़ते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, पेशेवर छवि और कार्य प्रदर्शन को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने छात्राओं को अवसर एवं व्यक्तित्व के अनुरूप परिधान चयन से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने विद्यार्थियों को अपने महाविद्यालयीन जीवन के दौरान जिज्ञासा, निरंतर सीखने की भावना तथा आत्म-विकास की प्रवृत्ति को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इंडक्शन कार्यक्रम के द्वितीय दिवस के सभी सत्र छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहे। इन सत्रों के माध्यम से उन्हें प्रभावी संचार, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास तथा पेशेवर प्रस्तुतीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई, जो उनके शैक्षणिक एवं भावी व्यावसायिक जीवन में सहायक सिद्ध होगी।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #नवप #नवर #महत