सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: इंदौर SGSITS कॉलेज के इन्फ़ॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड बायोमेडिकल डिपार्टमेंट स्टूडेंट और स्टाफ ने मिलकर एक स्मार्ट हेल्थ केयर डिवाइस बनाया है। यह डिवाइस घरों में ही स्वास्थ्य की देखभाल करने में सहायक होगी। यह डिवाइस शरीर के तापमान, एसपीओ-2 लेवल और दिल की धड़कन को मापने में सक्षम है। इसके जरिए व्यक्ति अपने घर पर ही इन तीनों चीजों की मॉनिटरिंग कर सकता है।

बायोमेडिकल विभाग के प्रो. विनय मानूरकर ने बताया कि दोनों विभागों ने मिलकर इस डिवाइस को तैयार किया है। यह एक डिजिटल स्टेथोस्कोप है। स्टेथोस्कोप से ट्यूब निकालकर इसे वायरलेस बनाया गया है। स्टेथोस्कोप के पीछे एक सिस्टम लगाया गया है, जो चेकअप की सभी जानकारी मोबाइल में भेज देगा।

इससे दूर से ही खड़े होकर व्यक्ति के दिल की धड़कनों की जांच की जा सकती है। साथ ही शरीर के तापमान और एसपीओ-2 के स्तर की भी जांच कर सकते हैं। इसके लिए एक मोबाइल एप भी तैयार किया गया है। इसमें व्यक्ति की रिपोर्ट की जानकारी मिल जाएगी।

मार्केट में यह हेल्थ केयर डिवाइस 4 से 5 हजार रुपये की कीमत पर उपलब्ध है, जबकि हमने इसे दो हजार रुपये की लागत में तैयार किया है। इंडस्ट्री लेवल पर इसे तैयार करने पर यह 1500 रुपये में ही तैयार हो जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जो लोग अस्पताल नहीं जा पाते, वह रोज अपने स्वास्थ्य की देखभाल कर सकते हैं।

इससे शरीर की रोज मॉनिटरिंग की जा सकती है। आगे चल कर इस डिवाइस में रक्तचाप माप को भी एकीकृत करने की योजना है। एसजीएसआइटीएस टीएस के निदेशक प्रो. राकेश सक्सेना ने कहा कि इस डिवाइस से हर व्यक्ति घर में रहकर रेगुलर अपना हेल्थ चैकअप कर सकता है। इस डिवाइस को तैयार करने में आईटी विभाग की प्रो. पूजा गुप्ता और छात्रों का सहयोग है।