सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत के एक वरिष्ठ विदेश मंत्रालय अधिकारी पाकिस्तान पहुंचे हैं। भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी इस्लामाबाद में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन की राष्ट्रीय समन्वयक बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

तीन दिवसीय यह बैठक 28 से 30 सितंबर तक पाकिस्तान की मेजबानी में हो रही है। इसमें सदस्य देशों के राष्ट्रीय समन्वयक संगठन की गतिविधियों, आगामी बैठकों और पाकिस्तान की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से संबंध तनावपूर्ण रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय स्तर पर बातचीत को लेकर भारत ने आतंकवाद से मुक्त और अनुकूल माहौल की आवश्यकता पर जोर दिया है। इसके बावजूद दोनों देश शंघाई सहयोग संगठन जैसे बहुपक्षीय मंचों की संस्थागत बैठकों में भाग लेते रहे हैं।

पाकिस्तान वर्तमान में वर्ष 2026-27 के लिए शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में संगठन के राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। मौजूदा बैठक को उस सम्मेलन और अन्य उच्चस्तरीय बैठकों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Hashtags: #WorldInternational #Bhopal #Desksource #ऑपर #पहल #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #सहय