सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /  सोनीपत :   देश के पहले वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक ट्रक बैटरी स्वैपिंग एवं चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन बुधवार को सोनीपत में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमार स्वामी भी मौजूद रहे। गडकरी ने कहा कि यह पहल भारतीय लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में क्रांति लाने वाली है और किसानों को डीजल पर निर्भरता से मुक्ति दिलाएगी। गडकरी ने किसानों को पराली के उपयोग से बायोफ्यूल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि देश में अब तक 50 लाख टन पराली का इस्तेमाल बायोएथेनॉल बनाने में किया जा रहा है और महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश में इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। इसके जरिए किसानों की आमदनी बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण भी होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत की लॉजिस्टिक लागत अभी भी चीन की तुलना में दोगुनी है, लेकिन ईवी वाहनों और बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों के कारण लागत में कमी आएगी। नए फ्लेक्सी इंजन और बैटरी तकनीक से परिवहन सस्ता और पर्यावरण-हितैषी बनेगा। गडकरी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत डीजल-मुक्त होकर अपना हवाई और सड़क ईंधन खुद उत्पादन करने में सक्षम होगा। इस पहल से इलेक्ट्रिक वाहनों का विस्तार होगा, पर्यावरण की सुरक्षा होगी और मेक इन इंडिया को भी नई गति मिलेगी। गडकरी ने कहा कि किसान अब सिर्फ अन्नदाता नहीं, बल्कि ईंधन दाता भी बनेंगे। यह परियोजना भारतीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

#ElectricTruck #BatterySwapping #NitinGadkari #EVIndia #परालीसेईंधन #सस्टेनेबलइंडिया