सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह 07 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में उन विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिन्होंने दिसंबर 2024 और जून 2025 की सत्रांत परीक्षाओं में डिप्लोमा, पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक स्तर के कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। मुख्य समारोह नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित होगा, जहां भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर दीक्षांत भाषण देंगे। इस वर्ष देशभर में कुल 3,24,835 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं, जिनमें लगभग 41.7% स्नातक और 40.8% परास्नातक स्तर के विद्यार्थी शामिल हैं। साथ ही 73 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी दी जाएगी। देश के 56 क्षेत्रीय केंद्रों पर भी एक साथ दीक्षांत समारोह आयोजित होंगे, जिससे यह आयोजन व्यापक स्तर पर सम्पन्न होगा। भोपाल क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत आने वाले 31 जिलों से कुल 3063 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 1083 मास्टर लेवल, 773 स्नातक, 646 पीजी डिप्लोमा एवं डिप्लोमा तथा 561 प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। विशेष रूप से मॉडल अध्ययन केंद्र कोड-1500 से जुड़े 783 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। भोपाल में दीक्षांत समारोह अरेरा हिल्स स्थित क्षेत्रीय केंद्र के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रो. रविंद्र रामचंद्र कान्हेरे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में चयनित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से उपाधियां दी जाएंगी, जबकि अन्य को डिग्री डाक द्वारा भेजी जाएगी। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
#इग्नू #दीक्षांतसमारोह #39वांदीक्षांत #IGNOU #शिक्षा #विश्वविद्यालय #छात्रसम्मान